October 7, 2026

धान खरीद न होने पर अलका पाल का सरकार पर हमला

रिपोर्ट-इकरार हुसैन

काशीपुर : महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने धान खरीद सत्र आरंभ होने के बाद भी अभी तक सरकारी केंद्रों पर तौल शुरू नहीं होने पर सरकार पर हमला बोला । अलका पाल ने कहा कि सरकार और प्रशासन की मिली भगत से अभी तक सरकारी क्रय_केंद्रों पर धान तोल शुरू नहीं हो पाई है। 1 अक्टूबर से धान की खरीद आरंभ हो जाती है लेकिन अभी तक क्रय_केंद्रों पर कांटे तक नहीं लगाए गए,ना ही सरकारी पोर्टल शुरू हुए हैं,जिससे किसान अपनी फसल को बेचने में  असमंजस्य स्थिति में है। महानगर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि सरकारी खरीद शुरू नहीं होने के कारण किसानों को खुले बाजार में कम कीमत पर उपज बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है, उन्होंने कहा कि आखिर कौन से कारण है कि अभी तक सरकारी क्रय_ केंद्रों पर तौल शुरू नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि 25% तक नमी वाले धान तोलने और पंजीकरण के लिए किसानों की उपस्थिति की अनिवार्यता समाप्त करा जाय,प्रति हेक्टेयर औसतन 65 कुंटल धान की तोल सुनिश्चित करने तथा वर्ग 1_क और 1_ख के अलावा अन्य श्रेणियो में उत्पादित धान की भी खरीद की व्यवस्था सरकार को करनी चाहिए, क्योंकि प्राकृतिक रूप से 15 अक्टूबर तक धान में नमी का असर 17% से अधिक रहता है। ऐसे में जरूरी है कि सरकार को तत्काल धान खरीद शुरू कर किसानों को राहत देनी चाहिए । धान खरीद में देरी किसानों के साथ अन्याय है। सरकार को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट व्यवस्था करनी चाहिए। महानगर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अलका पाल ने कहा है कि पूरे जिले में लगभग 500 करोड़ रूपया अभी तक राइस मिलर्स का सरकार के ऊपर बकाया है, लेकिन सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही, पिछला भुगतान न होने के कारण जिले भर के राइस मिलर्स भी असंजस की स्थिति में है, भाजपा सरकार में किसान, मजदूर, व्यापारी हर वर्ग बुरी तरह त्रस्त है ।अन्नदाता के हितों के अनदेखी सहन नहीं की जाएगी। कांग्रेस सदैव किसानों के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी।