काशीपुर। ढकिया गुलाबो रोड रायपुर स्थित हरिदेव कॉलेज ऑफ लॉ में 26 नवंबर को संविधान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सीनियर एडवोकेट नदीमुद्दीन (हाईकोर्ट नैनीताल) ने पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अशोक कुमार, द्वितीय स्थान अनीता रावत तथा तृतीय स्थान सना परवीन ने प्राप्त किया। तीनों विजेताओं को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सीनियर एडवोकेट नदीमुद्दीन ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करता है। संविधान हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है और इसकी मूल भावना को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में तैयार किए गए भारतीय संविधान ने देश के हर वर्ग, धर्म और समुदाय के नागरिकों को समानता का अधिकार प्रदान किया है। संविधान की नजर में सभी नागरिक बराबर हैं और किसी के साथ जाति, धर्म, भाषा अथवा क्षेत्र के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। एडवोकेट नदीमुद्दीन ने कहा कि संविधान केवल अधिकारों की बात नहीं करता, बल्कि प्रत्येक नागरिक को उसके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। हमें मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए। देश की एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। संविधान का सम्मान करना ही लोकतंत्र का सम्मान करना है।

उन्होंने आगे कहा कि संविधान दिवस हमें उन महान संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करने का अवसर देता है, जिन्होंने देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रदान की। हमें संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। गौरतलब है कि भारतीय संविधान को 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा अंगीकृत किया गया था, जबकि इसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर कॉलेज के डायरेक्टर भूपेंद्र ढिल्लन, प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ. जसवंत सिंह, संदीप सिंह, श्रीमती शुचिता गुलयानी, उमा कश्यप, राजेश कुमार, धीरेंद्र बिष्ट, हरीराज सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे


सम्पादक- काशीपुर अपडेट

More Stories
सड़कों के निर्माण में महापौर दीपक बाली ने मारा शतक: 3 करोड़ 9 लाख27 हजार की लागत से बनने वाली 21 सड़कों का शिलान्यास
काशीपुर को स्वच्छ और आधुनिक बनाने सहित बेहतर शिक्षा हेतु महापौर दीपक बाली ने नैनी पेपर्स और आईजीएल से मांगी मदद
ग्लैमर या सुंदरता के लिए नहीं, ज़िम्मेदारी का ताज: बेसहारा बच्चों का सहारा बनने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर उतरीं 52 वर्षीय उर्वशी बाली