November 4, 2026

हरिदेव कॉलेज ऑफ लॉ में यादगार बना फ्रेशर-फेयरवेल समारोह, विद्यार्थियों को ट्रॉफी व प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित

रिपोर्ट-इकरार हुसैन

काशीपुर । 3 नवंबर 2026 को  ढकिया गुलाब रोड रायपुर स्थित हरिदेव कॉलेज ऑफ लॉ में फ्रेशर एवं फेयरवेल समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में नए विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जबकि कॉलेज से विदाई ले रहे विद्यार्थियों को यादगार पलों और शुभकामनाओं के साथ विदा किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर उत्सव के रंगों में सराबोर नजर आया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री परविंदर सिंह विर्क तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राधे हरि महाविद्यालय के प्रोफेसर महिपाल सिंह ने शिरकत की।

इसके अलावा उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के सदस्य एवं मुरादाबाद के,जी,  के, पीजी कॉलेज के प्रोफेसर व हरिदेव कॉलेज ऑफ लॉ के मैनेजिंग डायरेक्टर गुरमीत सिंह ने फेयरवेल के टॉपर विद्यार्थियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में अनम अंसारी, कृति अग्रवाल, पल्लवी शर्मा और अनुश्री वर्मा शामिल रहीं। तो वहीं मुरारी सिंह और बलजिंदर सिंह उर्फ बंटी व दिलबाग सिंह को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

वहीं, हरिदेव कॉलेज ऑफ लॉ के डायरेक्टर भूपेंद्र सिंह ढिल्लन ने फेयरवेल ले रहे विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में सैफ अली, इफ़ा शेख, अशोक शर्मा, प्रिया सैनी, इरम, अंजुम, अनिता रावत, कविता रावत, प्रिया सिंह, अक्षित, मोहम्मद शुबूर, वैभव कुमार और मयंक शामिल रहे। डायरेक्टर ने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गीत-संगीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से भरे माहौल ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और समाज के प्रति जिम्मेदारियों को समझने का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कॉलेज के प्राचार्य वीरेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि फ्रेशर समारोह नए विद्यार्थियों के लिए कॉलेज जीवन की यादगार शुरुआत है, जबकि फेयरवेल उन विद्यार्थियों के लिए विशेष अवसर है, जिन्होंने कॉलेज में अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष बिताए हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर विद्यार्थी जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं।

समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं और पुराने साथियों के साथ बिताए यादगार पलों को संजोया। पूरे कार्यक्रम में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का सुंदर माहौल देखने को मिला। अंत में कॉलेज परिवार की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। फ्रेशर एवं फेयरवेल समारोह सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रतिभाओं के सम्मान और भावुक यादों के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर जसवंत सिंह, संदीप सिंह, शुचिता गुलयानी, उमा कश्यप, राजेश कुमार, धीरेंद्र बिष्ट, हरीराज, सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।