जसपुर,। रुद्रपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर जसपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. यूनुस चौधरी के नेतृत्व में करीब 500 भाजपा कार्यकर्ता वाहनों के काफिले के साथ रुद्रपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान डॉ. यूनुस चौधरी ने 25 कारों और दो बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने जसपुर क्षेत्र में भाजपा की संगठनात्मक सक्रियता और कार्यक्रम को लेकर तैयारियों को प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनकल्याण जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रदेश में विकास और सुशासन को लेकर सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए डॉ. चौधरी ने कहा कि विपक्ष के पास विकास के मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए कोई ठोस आधार नहीं है। इसी कारण जनता के बीच भ्रम फैलाने और भ्रामक प्रचार करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास और जनसेवा के कार्यों को देख रही है तथा सरकार की नीतियों का मूल्यांकन कर रही है।

डॉ. चौधरी ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का उद्देश्य जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से संवाद करें। जनता की समस्याओं को सुनें और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की अहम कड़ी है। राजनीति का वास्तविक उद्देश्य जनसेवा और समाज के प्रत्येक वर्ग का उत्थान होना चाहिए। आपसी भाईचारे, सकारात्मक सोच और विकास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। डॉ. यूनुस चौधरी ने विश्वास जताया कि रुद्रपुर में आयोजित पदयात्रा के माध्यम से प्रदेशभर में विकास, सुशासन और जनकल्याण का संदेश पहुंचेगा।


सम्पादक- काशीपुर अपडेट

More Stories
गन्ना किसानों का समर्थन मूल्य बढ़ाकर, बर्बाद फसलों का मुआवजा दे सरकार : अलका पाल
महापौर दीपक बाली ने किया दीपावली स्वदेशी मेले का उद्घाटन, आत्मनिर्भर भारत का दिया संदेश
हरिदेव कॉलेज ऑफ लॉ में यादगार बना फ्रेशर-फेयरवेल समारोह, विद्यार्थियों को ट्रॉफी व प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित