November 3, 2026

गन्ना किसानों का समर्थन मूल्य बढ़ाकर, बर्बाद फसलों का मुआवजा दे सरकार : अलका पाल

रिपोर्ट-इकरार हुसैन

काशीपुर : महानगर कांग्रेस कमेटी की  जिला अध्यक्ष अलका पाल ने सरकार से किसानों के लिए गन्ने का समर्थन मूल्य ₹500 प्रति कुंतल देने की मांग की। महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि 2012 से लेकर अब तक लगभग 7 हजार  किसानों का 25 करोड रुपए से अधिक काशीपुर चीनी मिल पर बकाया है, जबकि 10 वर्षों से भाजपा सरकार इस राज्य में काबिज है। किसान भुगतान के लिए आज भी  दर-दर की  ठोकर खा रहा है ।कांग्रेस महानगर जिला अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि विगत 9 अक्टूबर को आए तूफान और ओलावृष्टि से धान और गन्ने समेत अनेकों फसलों को भारी नुकसान हुआ। कई किसानों की फसल पूरी तरह से तबाह हो गई। नुकसान के अनुरूप मुआवजा दिलाने के लिए सरकार द्वारा अब तक कोई ठोस का कदम नहीं उठाया गया। प्रभावित खेती की जमीनों की फसलों के नुकसान का पारदर्शी आकलन तक पूरी तरह से प्रशासन ने नहीं किया, सरकार ने बर्बाद फसलों का मुआवजा तक देना उचित नहीं समझ रहा जबकि ओलावृष्टि और तूफान से किसानो की कई क्षेत्र में पूरी फसल नष्ट हो गई। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में गन्ना किसानों के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की गई है, लेकिन उत्तराखंड की भाजपा सरकार अभी भी गन्ने का समर्थन मूल्य घोषित नहीं कर पा रही है,अलका पाल ने कहा कि किसानों के हित में गन्ने का समर्थन मूल्य ₹500 प्रति कुंतल राज्य सरकार को करना चाहिए। कांग्रेस सदैव किसानों के समर्थन में खड़ी है।