October 12, 2026

जसपुर में भीषण सड़क हादसा: कैंटर और ई-टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत, तीन की मौत, चार गंभीर घायल

रिपोर्ट-इकरार हुसैन

जसपुर (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के जसपुर क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। काशीपुर से जसपुर की ओर जा रहे ई-टेंपो की गोविंदपुर स्थित संधू ढाबे के निकट सामने से आ रहे टाटा अल्ट्रा मिनी कैंटर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

बता दें कि प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे ई-टेंपो काशीपुर से जसपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान जसपुर की ओर से आ रहे टाटा अल्ट्रा मिनी कैंटर संख्या UK 18 CA 5064 की गोविंदपुर स्थित संधू ढाबे के पास ई-टेंपो से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-टेंपो में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है।


हादसे में इन लोगों की गई जान
हादसे में ई-टेंपो चालक शहजाद अली (26 वर्ष), पुत्र रमजानी, निवासी ग्राम पंचायत कुंडा, जसपुर, शमसीदा (65 वर्ष), पत्नी हुकूमत अली, निवासी सवाल्दे, रामनगर, नैनीताल तथा शौकत अली, पुत्र पीरा अली, निवासी सवाल्दे, रामनगर की मौत हो गई।
चार लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में हुकूमत अली, पुत्र सुबराती, निवासी सवाल्दे, रामनगर; कुबरा (56 वर्ष), पत्नी जबर, निवासी अनवरपुर चंद्रिका, थाना अफजलगढ़, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश); खुर्शीद (65 वर्ष), पत्नी मोहम्मद अली, निवासी सिवारा, धामपुर (उत्तर प्रदेश); तथा मोहम्मदी, पत्नी शौकत अली, निवासी सवाल्दे, रामनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सर्वरखेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मोहम्मदी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।