June 9, 2026

युवक की शादी से पहले ब्लैकमेलिंग का आरोप,महिला ने ‘रेप केस में फंसाने की धमकी देकर मांगे 3 लाख रुपये

रिपोर्ट इकरार हुसैन

मुरादाबाद।5 June 20 26 शादी से ठीक पहले एक युवक ने कुछ लोगों पर झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर तीन लाख रुपये की मांग करने और लगातार ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में युवक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।ग्राम पदीया नगला, थाना भगतपुर, जिला मुरादाबाद निवासी इस्लाम पुत्र जाहिद हुसैन ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि ग्राम अहरपुरा, चौकी पैगा, थाना आईटीआई, जनपद ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) निवासी एक परिवार उसे और उसके परिजनों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है।

इस्लाम के अनुसार करीब चार वर्ष पूर्व उसने उक्त परिवार की एक युवती से विवाह की इच्छा जताई थी, लेकिन उस समय विवाह का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया गया। बाद में युवती ने अपनी मर्जी से किसी अन्य व्यक्ति से विवाह कर लिया और वर्तमान में उसकी एक पुत्री भी है। शिकायतकर्ता का कहना है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व युवती ने स्वयं उससे संपर्क किया था, लेकिन लगभग दस माह पहले उसने सभी प्रकार का संपर्क समाप्त कर दिया। इस बीच उसकी शादी रामपुर जनपद में तय हो चुकी है तथा 14 जून को विवाह होना है। आरोप है कि लगभग एक माह पूर्व संबंधित परिवार के लोगों ने उसके पिता को अपने घर बुलाया, जहां कथित तौर पर कहा गया कि यदि इस्लाम की शादी उक्त युवती से नहीं कराई गई तो उसके खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में तीन लाख रुपये की मांग करते हुए शादी कराने अथवा रकम देने का दबाव बनाया गया। इस्लाम का आरोप है कि पुराने फोन वार्तालापों का हवाला देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा है और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं। इससे उसका परिवार भय और मानसिक तनाव में है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। हालांकि, यह आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। मामले की वास्तविक स्थिति और आरोपों की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।