मुरादाबाद :भगतपुर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को भगतपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में देशभक्ति और उत्साह से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालय परिसरों में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान हुआ। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टाहमदन में छात्राओं रितिका, शगुन, रितु, रिया और संध्या समेत अन्य छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की प्रस्तुतियों पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने देशप्रेम, वीर जवानों के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

राजकीय इंटर कॉलेज टाहमदन में प्रधानाचार्य शैलेंद्र सिंह चौहान ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। प्रधानाचार्य ने कहा कि 15 अगस्त 1947 का दिन देश के इतिहास में गौरवपूर्ण दिन है। यह अवसर महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस सहित उन सभी ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

रामफल सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज किशनपुर दुल्लापुर में प्रधानाचार्य सुनील सिंह की देखरेख में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। प्रधानाचार्य ने कहा कि देश की आजादी लंबे संघर्ष और असंख्य वीरों के बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, एकता और जिम्मेदारी को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्तिकेय जूनियर हाई स्कूल रोशनपुर बहेड़ी में प्रबंधक अमर सिंह की मौजूदगी में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम की भावना का संदेश दिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत झांकियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं।
जनहित जूनियर हाई स्कूल टाहमदन में प्रबंधक अशोक कुमार के नेतृत्व में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। राम रहीम पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुकरझंडी में प्रबंधक विजय सिंह ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आजादी हमें अधिकारों के साथ-साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ राष्ट्रहित में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
पीआरएम इंटर कॉलेज में भी स्वतंत्रता दिवस पर छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
बता दे की स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भगतपुर क्षेत्र में जगह-जगह तिरंगा यात्राएं भी निकाली गईं। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने देशभक्ति के नारों के साथ भारत माता के जयकारे लगाए। तिरंगा यात्राओं के चलते पूरे क्षेत्र में उत्साह और राष्ट्रभक्ति का माहौल दिखाई दिया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भगतपुर थाना पुलिस भी विभिन्न स्थानों पर तैनात रही। विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की कीमत को समझना और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा संविधान के मूल्यों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कार्यक्रमों का समापन देश की शांति, समृद्धि और विकास की कामना के साथ हुआ।


सम्पादक- काशीपुर अपडेट

More Stories
बसपा मंडल कार्यालय पर ध्वजारोहण, स्वतंत्रता दिवस पर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जताई प्रतिबद्धता
युवक की शादी से पहले ब्लैकमेलिंग का आरोप,महिला ने ‘रेप केस में फंसाने की धमकी देकर मांगे 3 लाख रुपये
रेलवे ने किया स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन मिलीं अनेक सुविधाएं