काशीपुर। कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी संदीप सहगल ने लोगों को भरोसा दिलाया कि यदि प्रतिनिधित्व की बागडोर उन्हें मिली तो सबसे पहले वह नगर निगम के चक्कर काटने से जनता को निजात दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि काशीपुर के सभी 40 वार्डों में समस्या निवारण केंद्र की स्थापना की जाएगी। केंद्र के संचालन की कमान वार्ड पार्षद के हाथ में होगी। समस्या निवारण केंद्र में विधवा पेंशन वृद्धा पेंशन राशन कार्ड आधार कार्ड सफाई पेयजल यातायात आदि से संबंधित सभी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। कुछ समस्याओं का मौके पर निदान किया जाएगा जबकि गंभीर समस्याओं का मामला बोर्ड की बैठक में उठाकर उसके निदान के प्रयास किए जाएंगे। कांग्रेस प्रत्याशी संदीप सहगल ने कहा कि नगर की जनता को मैन्युअल व डिजिटल दोनों ही सुविधा उपलब्ध होगी ताकि उसे नगर निगम के चक्कर न लगाने पड़े। यदि कोई व्यक्ति चाहेगा तो वह किसी भी प्रकार का टैक्स आदि अपने घर से ही जमा कर लेगा। कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी संदीप सहगल ने कहा कि प्रदेश में जब तक कांग्रेस की सरकार थी विकास का पहिया गतिमान था सरकार बदलते ही विनाश शुरू हो गया। अफसर शाही हावी हो गई। अपराधी बेलगाम हो गए। पूरे प्रदेश में जंगल राज कायम हो गया। उन्होंने कहा कि काशीपुर में अपराध और अपराधियों की बाढ़ आ गई है। भाजपा की सरकार में प्रशासन पूरी तरह मनमानी कर रहा है। अन्याय का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि जनता को सहूलियत और सहयोग करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। प्रत्येक व्यक्ति की दुख दर्द में वह शरीक होंगे।

सम्पादक- काशीपुर अपडेट

More Stories
महापौर दीपक बाली ने किया सड़कों का शिलान्यास एवं लोकार्पण : वार्ड नंबर 3 में 1.14 करोड़ रुपये से होंगे सड़क और नाली निर्माण कार्य
काशीपुर में महापौर दीपक बाली ने पहली ही गेंद पर जड़ा चौका, छठे नाइट सॉफ्ट बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का किया शुभारंभ
काशीपुर में 24 अक्टूबर को निकलेगी उत्तराखंड न्याय यात्रा, कांग्रेस ने शुरू की तैयारियां