काशीपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम काशीपुर ने शहर में चल रहे विकास कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। नगर निगम द्वारा जारी संदेश में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए नगर के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई। नगर निगम के अनुसार नगर क्षेत्र में पेयजल सुविधा को मजबूत करने के लिए 100 इंडिया मार्का हैंडपंप स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रिक शवदाह गृह के निर्माण, जलभराव की समस्या के समाधान तथा वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए भी विभिन्न स्तरों पर कार्य जारी हैं। छोटे निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदारों की सुविधा के लिए नगर के पांच स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं। वहीं वार्ड संख्या 5 और 17 में स्थित तालाबों के पुनर्जीवन एवं सौंदर्यीकरण की योजना पर कार्य प्रगति पर है। रामनगर रोड स्थित रजत जयंती पार्क के विकास कार्यों को भी गति दी जा रही है। जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छह शासकीय विभागों में वर्षा जल संचयन (वाटर हार्वेस्टिंग) की व्यवस्था स्थापित की गई है। नगर की जर्जर पाइपलाइनों के सुधार के लिए जल संस्थान को चार करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है, जबकि महेशपुरा पुलिया पर पाइपलाइन शिफ्टिंग के लिए 20 लाख रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। नगर निगम ने शहर की ऐतिहासिक धरोहर माने जाने वाले 12 कुओं के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की योजना भी तैयार की है। इसके साथ ही नवगठित 17 वार्डों में विकास कार्यों के लिए 143.74 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है। भविष्य की योजनाओं में ढेला पुल के समीप निगम भूमि पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण, चैती मेला परिसर एवं चैती चौराहे पर हाईटेक शौचालयों की स्थापना तथा अली खां चौक पर लगभग 29 लाख रुपये की लागत से 135 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने और आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की योजना शामिल है। नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट और महापौर दीपक बाली ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने विकास कार्यों में पार्षदों और नागरिकों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया। नगर निगम का यह संदेश स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति के साथ-साथ काशीपुर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त शहर बनाने के संकल्प को भी प्रदर्शित करता है।









सम्पादक- काशीपुर अपडेट

More Stories
महापौर के साथ मुस्लिम भाइयों बहनों ने भी लगाए भारत माता और वंदे मातरम के जयकारे
स्वतंत्रता दिवस पर निकली भव्य प्रभात फेरी, बड़ी संख्या में जुटे नगरवासी
हरिदेव कॉलेज ऑफ लॉ में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति के रंग में रंगा परिसर