August 16, 2026

स्वतंत्रता दिवस पर निकली भव्य प्रभात फेरी, बड़ी संख्या में जुटे नगरवासी

रिपोर्ट-इकरार हुसैन

काशीपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर निगम काशीपुर एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से आयोजित पारंपरिक प्रभात फेरी इस वर्ष भी पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में निकाली गई। नगर की ऐतिहासिक धरोहर छोटी नीम से प्रारंभ हुई प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। प्रभात फेरी समिति के संयोजक विमल गुड़िया के नेतृत्व में निकली यह फेरी पुरानी सब्जी मंडी, मुख्य बाजार, बद्री भवन गली, सत्येंद्र चंद्र गुड़िया मार्ग, डॉक्टर लेन, मुंशी राम चौराहा, मोहल्ला लाहोरियान तथा गीता भवन गली सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः छोटी नीम पर पहुंचकर संपन्न हुई। प्रभात फेरी के दौरान प्रतिभागियों ने “उठ जाग मुसाफिर भोर भई” तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” का सामूहिक गायन किया। वातावरण देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंज उठा। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान “जन गण मन” एवं राष्ट्रगीत “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा” का गायन कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रभात फेरी समिति के संयोजक विमल गुड़िया ने सभी नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में शामिल होने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के उपरांत पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के पुत्र अर्पित मेहरोत्रा द्वारा अपने आवास पर प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर अलका पाल,विमल गुड़िया, अनुपम शर्मा,अरुण चौहान, अर्पित मेहरोत्रा, सरित चतुर्वेदी, हरीश कुमार सिंह एडवोकेट, माजिद अली, ब्रह्मपाल, मुशर्रफ हुसैन, जितेंद्र सरस्वती, अरुण वर्मा, विजय चौधरी, अनिल शर्मा एडवोकेट, मोहम्मद अकील, शरद मेहरोत्रा, दीपक गुप्ता, इकबाल अदीब, राजेश कुमार एडवोकेट, शफीक अहमद अंसारी, तरुण लोहनी, विकल्प गुड़िया, जय सिंह गौतम, विनोद मेहरोत्रा, महेंद्र लोहिया, विनोद होंडा, विनोद सारस्वत, अफसर अली, मनोज पंत, योगेश जोशी, त्रिलोक अधिकारी, इरफान गुड्डू, अज्जू खान, छात्र संघ अध्यक्ष जतिन कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।