August 10, 2026

ईवीएम-SIR को लेकर कांग्रेस पर हमला, इंतजार हुसैन बोले- 2027 में फिर बनेगी धामी सरकार

रिपोर्ट-इकरार हुसैन

काशीपुर: 9 अगस्त 2026 कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी कार्यक्रम को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता इंतजार हुसैन ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस द्वारा कुमाऊं की सभी विधानसभाओं से भीड़ जुटाने के प्रयासों के बावजूद जनता ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी और कार्यक्रम स्थल पर कई कुर्सियां खाली रहीं।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा इंतजार हुसैन ने कहा कि कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा नैनीताल जिले के एसएसपी मंजूनाथ टीसी के कैंप कार्यालय में पुलिस प्रशासन के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने इसे कांग्रेस की हताशा करार देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस द्वारा वाहनों की जांच की गई थी, क्योंकि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है। उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी हार का ठीकरा ईवीएम, एसआईआर और सरकारी मशीनरी पर फोड़ने का आरोप लगाया। इंतजार हुसैन ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने लगातार चुनावों में भाजपा पर भरोसा जताया है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। एसआईआर को लेकर कांग्रेस के विरोध पर उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया के तहत काम कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन मतदाताओं को नोटिस मिले हैं, वे निर्धारित तिथि पर संबंधित अधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखें। इंतजार हुसैन ने दावा किया कि उत्तराखंड में रह रहे पात्र मतदाताओं का वोट नहीं काटा जाएगा। इंतजार हुसैन ने कांग्रेस नेताओं से पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ अमर्यादित भाषा के प्रयोग पर माफी मांगने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को लोकतांत्रिक मर्यादा का पालन करते हुए जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखनी चाहिए।