October 31, 2026

करबला मैदान में क्रिकेट का जुनून, अरुण चौहान ने बल्ला थामकर लगाया शॉट

रिपोर्ट-इकरार हुसैन

काशीपुर। मोहल्ला अल्ली खां स्थित करबला मैदान में ऑल स्टार क्रिकेटर्स की ओर से आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का जोश और खेल प्रेमियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। इसी क्रम में प्रतियोगिता के सातवें दिन वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अरुण चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शुक्रवार रात्रि 9:00 बजे पहुंच कर। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

करबला मैदान पहुंचने पर मुख्य आयोजक नफीस चौधरी सहित एडवोकेट अशरफ सिद्दीकी, रियाज अख्तर, फहीम चौधरी, रिजवान चौधरी, वसीम अकरम और डॉ. एम.ए. राहुल ने बुके भेंट कर अरुण चौहान का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने मैदान में मौजूद दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।

इस दौरान अरुण चौहान ने बल्ला थामकर क्रिकेट का शॉट भी लगाया, जिसे देखकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर अरुण चौहान ने कहा कि ऑल स्टार क्रिकेटर्स द्वारा पिछले छह वर्षों से निरंतर क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना सराहनीय प्रयास है। इस तरह के आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ‘नशा छोड़ो, खेल से नाता जोड़ो’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है, जो वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है। आज के दौर में बच्चों और युवाओं को मोबाइल फोन में अधिक समय बिताने के बजाय मैदानों में भी सक्रिय रहना चाहिए। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी जैसे खेल उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ मानसिक मजबूती भी प्रदान करते हैं।

अरुण चौहान ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता को बढ़ावा देते हैं। अलग-अलग मोहल्लों और क्षेत्रों के खिलाड़ी जब एक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं तो आपसी मेलजोल भी मजबूत होता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताएं जारी रखने की अपेक्षा जताई। आयोजन समिति के अनुसार, 22 अक्टूबर से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 5 नवंबर को फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न होगी। टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों के बीच खिताबी मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह है। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 40 हजार रुपये नकद और आकर्षक ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से क्षेत्र के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल रहा है। रात के समय होने वाले मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक करबला मैदान पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों से फाइनल मुकाबले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। इस मौके पर आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी, खेल प्रेमी और क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।