March 6, 2026

प्रदेश में परिवर्तन तय, 2027 में कांग्रेस की जीत होगी: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत

रिपोर्ट-इकरार हुसैन

काशीपुर, 10 फरवरी 2026।उत्तराखंड की सियासत में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने अभी से चुनावी मोर्चा संभालते हुए भाजपा सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सरकार की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है और 2027 में कांग्रेस निश्चित रूप से जीत हासिल करेगी। बता दे की मीडिया से बातचीत के दौरान हरीश रावत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में सरकार की भूमिका संदिग्ध रही है और मुख्यमंत्री आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को दबने नहीं देगी और न्याय की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी। हरीश रावत ने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी आगामी 16 फरवरी को देहरादून में राज्य भवन घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, महिला उत्पीड़न और प्रदेश में बढ़ते अपराधों के खिलाफ यह आंदोलन किया जाएगा। संगठन स्तर पर इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता देहरादून पहुंचेंगे। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने भले ही सीबीआई जांच की अनुमति दे दी हो, लेकिन जांच की निष्पक्षता पर उन्हें संदेह है। उनका कहना था कि इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के जजों की निगरानी में या जजों की विशेष टीम से कराई जानी चाहिए, तभी सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के चेहरे से नकाब हटेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और जनता अब जवाब चाहती है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर हर मुद्दे पर संघर्ष करेगी।

इस मौके पर प्रदेश सचिव अरुण चौहान,ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस राजू छीना, अर्पित मेहरोत्रा, त्रिलोक सिंह अधिकारी,जय सिंह गौतम,उमेश जोशी, मनोज जोशी समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।