October 23, 2026

उत्तराखंड की बिजली अडानी के हाथों में गिरवी : सरस्वती

रिपोर्ट-इकरार हुसैन

काशीपुर : वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव जितेंद्र सरस्वती ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार ने विद्युत विभाग को अदानी के हाथों बेच दिया। उत्तराखंड के अंदर पावर कॉरपोरेशन द्वारा इलेक्ट्रॉनिक मीटर के स्थान पर प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाकर गरीब विद्युत उपभोक्ताओं के हितों पर कुठाराघात किया जा रहा है। पीसीसी सचिव सरस्वती ने आरोप लगाते हुए कहा कि साधारण इलेक्ट्रॉनिक मीटर पर बिल जमा न करने पर पेनल्टी पड़ती है, जबकि स्मार्ट मीटर लगाने पर अगर किसी ने रिचार्ज नहीं किया तो तत्काल इसकी आपूर्ति बंद हो जाती है। किसी गरीब परिवार का कोई छात्र अगर अपनी परीक्षा की तैयारी कर रहा होगा और मीटर रिचार्ज ना होने के कारण उसकी सप्लाई बंद हो जाएगी। ऐसे में उसके भविष्य भी अंधकार में हो जाएगा। कांग्रेसी नेता सरस्वती ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा सरकार पूरे देश में अडानी और अम्बानी के इशारों पर चल रही है। उत्तराखंड में जिस तरह से अदानी ग्रुप को स्मार्ट मीटर लगाने का काम दिया गया है, उससे साफ जाहिर होता है कि डबल इंजन की सरकार दोनों इंजनों में पैसा भरकर अडानी की जेब को गर्म कर रही है, और गरीब के हितों पर कुठाराघात कर रही है । कांग्रेस  भाजपा सरकार की विद्युत विभाग को प्रीपेड मीटर लगाने के नाम पर अडानी के हाथों में बेचने की नीति का विरोध करेगी।

You may have missed