August 16, 2026

हरिदेव कॉलेज ऑफ लॉ में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति के रंग में रंगा परिसर

रिपोर्ट-इकरार हुसैन

काशीपुर, 15 अगस्त 2026। देशभर में आज स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इसी क्रम में ढकिया गुलाबो रोड स्थित हरिदेव कॉलेज ऑफ लॉ, काशीपुर में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अध्यक्ष प्रो. गुरमीत सिंह, के.जी.के. पी.जी. कॉलेज, मुरादाबाद ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के डायरेक्टर भूपेंद्र ढिल्लन, प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र कुमार सहित शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

महाविद्यालय के डायरेक्टर भूपेंद्र ढिल्लन ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और प्रेरणा का पर्व है। यह दिन हमें देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 को भारत ने लंबे ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त कर एक नए युग की शुरुआत की थी। देश की आजादी के लिए महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने संघर्ष किया और अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। स्वतंत्रता दिवस हमें उनके त्याग, साहस और देशप्रेम से प्रेरणा लेने का संदेश देता है।

समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को मिठाइयां वितरित की गईं।

इस अवसर पर एडवोकेट मुरारी सिंह पूर्व शिक्षक, जसवंत सिंह, संदीप सिंह, शुचिता गुलयानी, उमा कश्यप, सैफ अली, राजेश कुमार, धीरेंद्र बिष्ट, हरीराज, इफा, प्रिया सैनी,प्रिया सिंह, अंजुम, मेराज, मयंक, हिमानी, खुशबु मालिक,अक्षित, सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।